India
सेवा डेरा से बदलेगा बस्तर, डिजिटल सुविधाओं का विस्तार शुरू
May 18, 2026 Source: Veridhar
रायपुर, 18 मई 2026/
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज बस्तर क्षेत्र में ‘शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा’ (जन सुविधा केंद्र) का शुभारंभ किया। यह केंद्र विशेष रूप से दूरस्थ और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को सरकारी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम के दौरान श्री अमित शाह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि विकास और शासन की सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। उन्होंने बताया कि इस जन सुविधा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को अब आधार सेवाएं, प्रमाण पत्र निर्माण, बैंकिंग सेवाएं, केवाईसी, पेंशन, योजना पंजीयन जैसी कई ऑनलाइन सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि बस्तर, जो कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाता था, अब तेजी से विकास और विश्वास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे केंद्र डिजिटल गवर्नेंस को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी।
केंद्रीय गृहमंत्री ने इस पहल को आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे और महिलाएं भी बैंक सखी एवं अन्य सेवाओं के माध्यम से सशक्त बनेंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। यह पहल बस्तर क्षेत्र में सुशासन, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और समावेशी विकास को नई गति देने वाली मानी जा रही है।