Sports
Raipur IPL Match : रायपुर में RCB खिलाड़ियों ने खाए लोकल व्यंजन, जमकर की मस्ती
May 10, 2026 Source: Veridhar
रायपुर में होने वाले आईपीएल मुकाबलों से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम पूरी तरह छत्तीसगढ़िया रंग में रंगी नजर आई। राजधानी रायपुर के वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम को इस सीजन आरसीबी ने अपना दूसरा होम ग्राउंड बनाया है, जहां टीम 10 मई को मुंबई इंडियंस और 13 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। मैचों से पहले खिलाड़ी स्थानीय संस्कृति और खानपान का अनुभव लेने पहुंचे, जिसने पूरे माहौल को खास बना दिया।
आरसीबी की टीम 8 मई को रायपुर पहुंची और मायरा रिजॉर्ट में ठहरी हुई है। यहां खिलाड़ियों का पारंपरिक छत्तीसगढ़ी संगीत और लोकनृत्य के साथ स्वागत किया गया। टीम के कप्तान रजत पाटीदार समेत अन्य खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध व्यंजनों जैसे कांदा भाजी, चरोटा भाजी, रागी से बने पकवान और बस्तर का प्राकृतिक तीखुर शरबत चखा। खिलाड़ियों को यह स्थानीय स्वाद काफी पसंद आया।
सिर्फ खानपान ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध आदिवासी कला और संस्कृति को भी करीब से जाना। उन्हें गोदना कला, स्थानीय हस्तशिल्प और चित्रकोट जलप्रपात के बारे में जानकारी दी गई। टैटू के शौकीन क्रिकेटर क्रुणाल पांड्या खास तौर पर गोदना कला से प्रभावित दिखे। उन्होंने कहा कि रायपुर में यह उनका पहला दौरा है और यहां का अनुभव बेहद शानदार रहा।
आरसीबी के सीईओ राजेश मेनन ने भी रायपुर के आतिथ्य की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि शहर ने टीम का बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया और खिलाड़ियों को यहां घर जैसा महसूस हो रहा है। वहीं मुंबई इंडियंस की टीम रायपुर के मेफेयर होटल में ठहरी हुई है, जहां उनके लिए भी छत्तीसगढ़ी थीम पर विशेष भोजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
इस बीच रायपुर में होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले को देखने के लिए कई चर्चित हस्तियों के आने की संभावना है। अभिनेत्री अनुष्का शर्मा, रितिका सचदेव, नीता अंबानी और अनंत अंबानी भी मैच के दौरान मौजूद रह सकते हैं। लगभग 10 साल बाद रायपुर में आईपीएल मैचों की वापसी से क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।