India
हिमंता सरमा की दूसरी पारी लगभग तय, शपथ ग्रहण की तैयारी तेज
May 7, 2026 Source: Veridhar
असम में नई एनडीए सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अपना औपचारिक इस्तीफा सौंप दिया, जिसके बाद राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है। माना जा रहा है कि हिमंत बिस्वा सरमा 12 मई को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। हालांकि अभी तक शपथ ग्रहण समारोह की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन भाजपा नेतृत्व और एनडीए गठबंधन के भीतर इसकी तैयारियां लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
सूत्रों के मुताबिक, 10 मई को गुवाहाटी में एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई गई है, जिसमें गठबंधन के विधायक औपचारिक रूप से अपने नेता का चयन करेंगे। सभी विजयी उम्मीदवारों को 9 मई तक गुवाहाटी पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद सरकार गठन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है।
हाल ही में हुए असम विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटों पर जीत दर्ज की। चुनाव 9 अप्रैल को एक चरण में संपन्न हुए थे, जबकि मतगणना 4 मई को हुई। इस बड़ी जीत के साथ भाजपा लगातार तीसरी बार असम में सरकार बनाने जा रही है।
हिमंत बिस्वा सरमा को असम भाजपा का सबसे प्रभावशाली चेहरा माना जाता है। उनके नेतृत्व में पार्टी ने राज्य में अपनी पकड़ और मजबूत की है। चुनावी नतीजों के बाद अब सरकार गठन, मंत्रिमंडल के गठन और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। असम के साथ-साथ पश्चिम बंगाल में भी नई सरकार के गठन को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं।