Sunday, October 25, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

Chhattisgarh

कबीरधाम के मड़मड़ा और कबरटोला में सड़क, भवन और जनसुविधाओं के विकास को मिलेगी नई दिशा

October 18, 2026 Source: Veridhar

कबीरधाम के मड़मड़ा और कबरटोला में सड़क, भवन और जनसुविधाओं के विकास को मिलेगी नई दिशा
रायपुर, 18 अक्टूबर 2026/ उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने शनिवार को कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम मड़मड़ा और कबरटोला का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने ग्राम मड़मड़ा में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-01 और 5 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण किया। साथ ही 47.15 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 500 मीटर लंबे गौरव पथ का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने दोनों गांवों में सड़क, सामुदायिक भवन, मंच और नाली निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। ग्राम मड़मड़ा में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा की उपस्थिति में स्थानीय महिलाओं ने रिबन काटकर किया। नए भवन के निर्माण से बच्चों को बेहतर वातावरण में प्रारंभिक शिक्षा, पोषण एवं आंगनबाड़ी की अन्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए बच्चों के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की बात कही। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य श्री मनीराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विदेशीराम धुर्वे, जनपद अध्यक्ष श्री रामकिंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। *अटल डिजिटल सेवा केंद्र से गांव में ही मिलेंगी बैंकिंग सुविधाएं* उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्राम मड़मड़ा में 5 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इस केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग एवं डिजिटल सेवाओं की सुविधा मिलेगी। ग्रामीण महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि निकाल सकेंगे। साथ ही राशि जमा करने जैसी बैंकिंग सुविधाओं का भी लाभ ले सकेंगे। इससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे बैंकिंग कार्यों के लिए शहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी और उनके समय तथा आवागमन के खर्च की बचत होगी। *मड़मड़ा से बैजलपुर मुख्य मार्ग की मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से निर्माण की घोषणा* उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने ग्राम मड़मड़ा में ग्रामीणों की मांग पर विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने मड़मड़ा से बैजलपुर मुख्य मार्ग को मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माण एवं बाजार छपरी में 15 लाख रुपए, पटवारी भवन के पास 10 लाख रुपए तथा पुरानी सोसायटी के पास 6.50 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। *कबरटोला में देवी दर्शन कर नवधा रामायण में हुए शामिल* उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ग्राम कबरटोला में आयोजित दुर्गोत्सव एवं नवधा रामायण कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने देवी दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात दुर्गोत्सव समिति द्वारा आयोजित नवधा रामायण कार्यक्रम में शामिल होकर रामायण पाठ का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ रामधुन के भक्तिमय वातावरण में ग्रामीणों के साथ समय बिताया। रामायण पाठ के पश्चात उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं और मांगें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, नाली, सामुदायिक भवन एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित मांगें रखीं। *कबरटोला में 20.20 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा* उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्राम कबरटोला में 20.20 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें पंचायत भवन के पास 6.50 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन, 2.60-2.60 लाख रुपए की लागत से दो सीसी सड़कों के निर्माण, नवधा रामायण मंच के पास 3.50 लाख रुपए की लागत से मंच निर्माण और शीतला मंदिर की ओर 5 लाख रुपए की लागत से नाली निर्माण की घोषणा की।