Sunday, September 27, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

India

DUSU चुनाव 2026: 40.46% मतदान के बाद आज होगी मतगणना, दोपहर तक नतीजे संभव

September 19, 2026 Source: Veridhar

DUSU चुनाव 2026: 40.46% मतदान के बाद आज होगी मतगणना, दोपहर तक नतीजे संभव
दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव आयोजित किए गए, जिनके परिणामों में ABVP ने कई कॉलेजों में प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की. वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के परिणामों के लिए शनिवार सुबह 8 बजे मतगणना शुरू होगी. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों में हुए छात्रसंघ चुनावों में कई प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की. ABVP के उम्मीदवारों ने अदिति महाविद्यालय, श्री अरबिंदो कॉलेज (मॉर्निंग) और शिवाजी कॉलेज में क्लीन स्वीप किया संगठन ने भारती कॉलेज में सभी आठ पदों और डॉ. भीमराव आंबेडकर कॉलेज में सभी चार पदों पर भी जीत दर्ज की. केशव महाविद्यालय में ABVP उम्मीदवारों ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव के प्रमुख पदों पर जीत हासिल की. वहीं, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में संगठन ने अध्यक्ष और सचिव के पदों के साथ दोनों केंद्रीय पार्षद पदों पर भी जीत दर्ज की. श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) में ABVP उम्मीदवारों ने अध्यक्ष, सचिव और दोनों पार्षद पदों समेत सभी पदों पर जीत हासिल की. इसके अलावा, डिपार्टमेंट ऑफ लाइब्रेरी साइंसेज में भी ABVP ने अध्यक्ष और मंत्री के पदों के साथ दोनों केंद्रीय पार्षद पदों पर जीत दर्ज की है. *DUSU चुनाव के लिए 40% मतदान, सुबह 8 बजे से मतगणना* वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान संपन्न हो गया. सभी 52 मतदान केंद्रों से प्राप्त विवरण के अनुसार कुल मतदान प्रतिशत 40.46 प्रतिशत रहा. वहीं, सुबह के मतदान वाले सभी 44 मतदान केंद्रों से EVM मतगणना केंद्र पर पहुंच चुकी हैं. सुबह के वक्त मतदान केंद्रों पर छात्रों की भारी भीड़ देखने को मिली, लेकिन जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, मतदान केंद्रों पर छात्रों की संख्या कम होती गई. इस बार का मतदान प्रतिशत पिछले कुछ वर्षों के मुकाबले मामूली बदलाव दिखाता है. पिछले तीन DUSU चुनावों के आंकड़ों के अनुसार, 2024 में 35.20 फीसदी, 2025 में 39.45 फीसदी और 2026 में 40.46 फीसदी मतदान हुआ. यानी 2024 से 2025 के बीच मतदान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई, जबकि 2026 में इसमें केवल मामूली इजाफा हुआ. हालांकि, इस साल का मतदान प्रतिशत 2023 में दर्ज करीब 42 फीसदी मतदान से अब भी नीचे है. अब सभी की नजरें शनिवार को होने वाली मतगणना पर हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय में सुबह करीब 8 बजे मतगणना शुरू होगी. कम मतदान को देखते हुए छात्र संगठनों के बीच अनुमान है कि मतगणना प्रक्रिया करीब चार से पांच घंटे में पूरी हो सकती है. ऐसे में दोपहर करीब 12 बजे तक अंतिम नतीजे आने की उम्मीद जताई जा रही है. चुनाव के दौरान पूरे दिन दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में चहल-पहल बनी रही. सुबह मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में छात्र पहुंचे, जबकि शाम तक मतदान को लेकर गतिविधियां अपेक्षाकृत कम होती गईं. अब मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों और छात्र संगठनों की नजरें आज होने वाली मतगणना और नतीजों पर टिकी हैं. इस बीच, DUSU चुनाव पर मुख्य रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि एक-दो घटनाओं को छोड़कर, चुनाव की प्रक्रिया बहुत शांतिपूर्ण रही. वोटों की गिनती शनिवार सुबह 8 बजे शुरू होगी. हाईकोर्ट हमारे छात्र संघ चुनाव पर कड़ी नजर रख रहा है. कोर्ट किसी भी तरह की गड़बड़ी को लेकर बहुत सख्त है.