Sunday, September 27, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

India

लखनऊ में युवती को कार से टक्कर का मामला, पुलिस जांच के बीच महिला आयोग की एंट्री

September 16, 2026 Source: Veridhar

लखनऊ में युवती को कार से टक्कर का मामला, पुलिस जांच के बीच महिला आयोग की एंट्री
लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क के पास एक्स गर्लफ्रेंड को कार से कुचलने के आरोप का मामला अब महिला आयोग पहुंच गया है. पीड़िता ने महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव से मुलाकात कर आरोपी शाहनवाज पर पहचान छिपाकर संबंध बनाने और जबरन शादी का दबाव डालने का आरोप लगाया. लखनऊ के जनेश्वर पार्क के पास एक्स गर्लफ्रेंड को कार से टक्कर मारने के मामले में अब उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है. आयोग ने इस मामले को लव जिहाद बताया है. दरअसल, पीड़ित युवती बुधवार को महिला आयोग पहुंची और उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के सामने अपना पक्ष रखा. पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी शाहनवाज उस पर जबरन शादी करने का दबाव बना रहा था और इसी विवाद के बीच उसके साथ यह घटना हुई. महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने पीड़िता से पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला केवल हिट एंड रन का नहीं लगता, बल्कि इसके पीछे युवती पर जबरन शादी का दबाव बनाए जाने का पहलू भी सामने आ रहा है. अपर्णा यादव ने मामले को 'लव जिहाद' से भी जोड़ा है. हालांकि, इस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच पुलिस कर रही है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. अपर्णा यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'मैं आपको भरोसा दिलाती हूं कि हमने इस मामले का स्वतः संज्ञान लिया है और अगर कानूनी प्रक्रिया में आरोपी दोषी पाया जाता है, तो उसे कानून के मुताबिक कड़ी सजा दी जाएगी. मुझे नहीं लगता कि उत्तर प्रदेश में लव जिहाद का यह पहला मामला है. अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने शुरुआत में खुद को हिंदू बताया था और महिला के साथ रिश्ते में आया था. मैं यह भी सुनिश्चित करूंगी कि इसमें शामिल पाए जाने वाले किसी भी अन्य व्यक्ति को सज़ा मिले. आरोपी को पहले ही गिरफ़्तार कर लिया गया है और हम यह सुनिश्चित करने के लिए सभी ज़रूरी कानूनी कदम उठाएंगे कि जांच ठीक से हो और कानून अपना काम करे.' पीड़िता ने महिला आयोग के सामने क्या कहा? पीड़िता अनामिका सिंह के मुताबिक, आरोपी शाहनवाज ने उससे कथित तौर पर अपनी पहचान छिपाकर संबंध बनाए थे. आरोप है कि शाहनवाज ने खुद को यश ठाकुर बताया था. बुधवार सुबह जब वह जनेश्वर पार्क के पास पहुंची तो उसने आरोपी को किसी दूसरी लड़की के साथ देखा. उसने जब कार को रोकने की कोशिश की तो दोनों के बीच विवाद हुआ. इस दौरान शाहनवाज ने कार रोकने के बजाय तेज रफ्तार से आगे बढ़ा दी. अनामिका का कहना है कि कार की टक्कर के बाद वह बोनट पर जा गिरी और कुछ दूरी तक उसी हालत में घिसटती रही. पीड़िता ने महिला आयोग को यह भी बताया कि आरोपी पहले से उस पर शादी के लिए दबाव बना रहा था. महिला आयोग फिलहाल पीड़िता के आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले रहा है. FIR में हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराएं इस मामले में गोमती नगर विस्तार थाने में पीड़िता की तहरीर पर शाहनवाज अली और दानिश के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पुलिस के मुताबिक, शिकायत में जान से मारने की नीयत से कार चढ़ाने का आरोप लगाया गया है. FIR में BNS की धारा 109 यानी हत्या के प्रयास और धारा 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, घटना 16 सितंबर की सुबह करीब 6:30 बजे जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर 4 के पास हुई. आरोप है कि शाहनवाज अपने साथी दानिश के साथ कार से वहां पहुंचा और विवाद के बाद युवती पर कार चढ़ाने की कोशिश की. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि टक्कर के बाद वह कार के बोनट पर जा गिरी और वाइपर पकड़कर खुद को बचाने की कोशिश की. आरोप है कि जमीन पर गिरने के बाद भी कार से उसे कुचलने की कोशिश की गई. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. वायरल वीडियो की भी जांच कर रही पुलिस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. इसमें युवती कार के बोनट पर दिखाई दे रही है, जबकि आसपास मौजूद लोग कार को रोकने की कोशिश करते नजर आते हैं. वीडियो में कुछ लोगों को कार पर पत्थर फेंकते हुए भी देखा जा सकता है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है. पुलिस घटना के दौरान मौजूद लोगों और अन्य संभावित गवाहों से भी जानकारी जुटा रही है.