Sunday, September 27, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

India

प्रदेशभर के विद्यार्थियों को राहत, कॉलेज प्रवेश की अंतिम तिथि 19 सितंबर तक

September 11, 2026 Source: Veridhar

​रायपुर,11 जुलाई 2026/ छत्तीसगढ़ के महाविद्यालयों में प्रवेश से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने छात्रहित और विद्यार्थियों की लगातार आ रही मांगों पर संवेदनशीलता एवं सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। इस निर्णय के बाद अब राज्य के शैक्षणिक संस्थानों में रिक्त सीटों पर छात्र 19 सितंबर 2026 तक प्रवेश ले सकेंगे। ​उच्च शिक्षा विभाग द्वारा नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। आदेश के अनुसार, सत्र 2026-27 के लिए पूर्व में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी। हालांकि, कई छात्र-छात्राओं के आवेदन एवं सीटें रिक्त होने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए तिथि में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया। इस ​मामले पर उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं और छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी मेधावी या इच्छुक छात्र का साल खराब न हो, इसी सोच के साथ प्रवेश की तिथि बढ़ाई गई है। इस निर्णय से उन सभी विद्यार्थियों को अवसर मिलेगा जो किसी कारणवश अब तक दाखिला नहीं ले पाए थे। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि जो छात्र - छात्राएं अभी तक प्रवेश नहीं ले पाए है,ऐसे विद्यार्थी जल्द प्रवेश प्रक्रिया को पूर्ण करें। जारी निर्देश के तहत, उच्च शिक्षा संचालनालय को निर्देशित किया गया है कि वे सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों में रिक्त सीटों की स्थिति के आधार पर 19 सितंबर 2026 तक पारदर्शी प्रक्रिया से प्रवेश संपन्न कराएं। शासन के इस फैसले से प्रदेशभर के हजारों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।