Sunday, September 27, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

India

मुंबई-गोवा हाईवे में देरी पर गडकरी का बड़ा फैसला, अक्टूबर में करेंगे 440 किमी का निरीक्षण

September 10, 2026 Source: Veridhar

मुंबई-गोवा हाईवे में देरी पर गडकरी का बड़ा फैसला, अक्टूबर में करेंगे 440 किमी का निरीक्षण
नितिन गडकरी ने मुंबई-गोवा हाईवे चौड़ीकरण में लंबी देरी पर शर्म जताते हुए कहा कि परियोजना पूरी होने पर वह उसके उद्घाटन में शामिल नहीं होंगे. उन्होंने अक्टूबर में मुंबई से गोवा तक सड़क यात्रा कर काम का निरीक्षण करने और देरी और खराब काम के लिए जिम्मेदार ठेकेदारों और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही. केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुंबई-गोवा हाईवे के चौड़ीकरण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है. बुधवार को पणजी के पास पोरवोरिम में छह लेन वाले एलिवेटेड रोड कॉरिडोर का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि हाईवे के काम में इतनी ज्यादा देरी हुई है कि उन्हें शर्मिंदगी महसूस होती है. नितिन गडकरी ने कहा कि उन्होंने पहले ही फैसला कर लिया था कि जब मुंबई-गोवा हाईवे का चौड़ीकरण पूरा होगा तो वह उसके उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे. उन्होंने कहा, "मैंने पहले ही ऐलान किया था कि मैं चौड़े किए गए मुंबई-गोवा हाईवे के उद्घाटन में नहीं आऊंगा, क्योंकि मुझे शर्म आती है कि इसमें इतनी ज्यादा देरी हुई है." अक्टूबर में खुद करेंगे हाईवे का निरीक्षण नितिन गडकरी ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी. उन्होंने कहा कि वह अक्टूबर में खुद मुंबई से गोवा तक सड़क मार्ग से सफर करेंगे और हाईवे का निरीक्षण करेंगे. उन्होंने कहा कि वह मुंबई एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सड़क से गोवा जाएंगे. इस दौरान वह देखेंगे कि हाईवे से सफर करने वालों के लिए यात्रा कितनी सुविधाजनक हुई है. ठेकेदारों और अधिकारियों पर कार्रवाई की तैयारी नितिन गडकरी ने कहा कि वह इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में देरी और खराब काम के लिए जिम्मेदार ठेकेदारों और अधिकारियों पर कार्रवाई जारी रखेंगे. उन्होंने कहा कि वह एक साल के भीतर ज्यादा से ज्यादा ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और जिम्मेदार अधिकारियों को सस्पेंड करने का रिकॉर्ड बनाना चाहते हैं. उन्होंने साफ कहा कि अब वह इस तरह की कार्रवाई रोकने वाले नहीं हैं. 440 किलोमीटर हाईवे में बार-बार देरी मुंबई-गोवा हाईवे का चौड़ीकरण करीब 440 किलोमीटर का है. इस प्रोजेक्ट में कई बार देरी हो चुकी है. हाल में अपग्रेड किए गए कुछ हिस्सों में पहली बारिश के बाद ही गड्ढे और सड़क को नुकसान पहुंचने की शिकायतें सामने आईं. हाईवे पर अभी भी डायवर्जन, जलभराव, मरम्मत और ट्रैफिक जाम जैसी दिक्कतें बनी हुई हैं. मई में खरपाड़ा टोल प्लाजा पर टोल वसूली भी शुरू हो चुकी है.