Thursday, August 13, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

World

नेपाल के नए सिक्के से नहीं हटेगा भारत-नेपाल विवादित नक्शा

July 21, 2026 Source: Veridhar

नेपाल के नए सिक्के से नहीं हटेगा भारत-नेपाल विवादित नक्शा
नेपाल सरकार ने एक रुपए के सिक्के से विवादित राष्ट्रीय नक्शा हटाने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। इस नक्शे में कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा जैसे क्षेत्रों को नेपाल का हिस्सा दिखाया गया है, जबकि भारत इन इलाकों पर अपना दावा करता है। नेपाल राष्ट्र बैंक ने पहले सुझाव दिया था कि सिक्के पर छपे विवादित नक्शे की जगह मुस्तांग स्थित ऐतिहासिक लो घेकर बौद्ध मठ की तस्वीर शामिल की जाए। हालांकि, प्रस्ताव सार्वजनिक होने के बाद इसका विरोध शुरू हो गया। इसके बाद सरकार ने निर्देश दिया कि नए डिजाइन में बौद्ध मठ के साथ नेपाल का आधिकारिक राष्ट्रीय नक्शा भी शामिल किया जाए। अब नेपाल राष्ट्र बैंक संशोधित डिजाइन तैयार करेगा और अंतिम मंजूरी मिलने के बाद नए सिक्के की ढलाई शुरू होगी। सरकार सिक्के की धातु और वजन में भी बदलाव करने की तैयारी कर रही है क्योंकि वर्तमान में एक रुपए का सिक्का बनाने की लागत उसके मूल्य से अधिक है। नए डिजाइन का उद्देश्य निर्माण लागत कम करना भी है। नेपाल 10 रुपए के सिक्के के डिजाइन में भी बदलाव पर विचार कर रहा है, जिसमें दैलेख जिले के ऐतिहासिक भुर्ति देवल मंदिर समूह को शामिल किया जा सकता है। भारत-नेपाल सीमा विवाद वर्ष 2020 में तब गहरा गया था, जब नेपाल ने नया राजनीतिक नक्शा जारी कर कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा को अपने क्षेत्र में दिखाया था। बाद में इस नक्शे को संवैधानिक मान्यता भी दी गई। भारत ने इस कदम का विरोध करते हुए कहा था कि सीमा विवाद का समाधान दोनों देशों के बीच आपसी बातचीत से ही होना चाहिए।