Monday, June 29, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

World

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस: जिनपिंग सरकार ने छह सैन्य सांसदों समेत आठ लोगों पर लिया बड़ा एक्शन

June 29, 2026 Source: Veridhar

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस: जिनपिंग सरकार ने छह सैन्य सांसदों समेत आठ लोगों पर लिया बड़ा एक्शन
चीन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग की भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए छह सैन्य सांसदों और दो वरिष्ठ नेताओं को उनके पदों से हटा दिया है। इस कार्रवाई की जानकारी सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने दी। हालांकि, अधिकारियों को हटाने के पीछे की आधिकारिक वजह सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह फैसला भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों के चलते लिया गया है। हटाए गए नेताओं में पूर्व वित्तीय नियामक प्रमुख ली युंझे और पोलित ब्यूरो के सदस्य मा शिंगरुई भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ हाल के दिनों में जांच चल रही थी। यह निर्णय नेशनल पीपल्स कांग्रेस की स्टैंडिंग कमेटी की ओर से जारी नोटिस के जरिए सामने आया। चीन की यह सर्वोच्च विधायी संस्था देश के महत्वपूर्ण राजनीतिक फैसलों के लिए जानी जाती है। कार्रवाई की जद में आए सैन्य अधिकारियों में सेंट्रल मिलिट्री कमीशन के इक्विपमेंट डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के प्रमुख जनरल शू श्युछियांग का नाम सबसे प्रमुख है। वे चीन के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के कमांडर-इन-चीफ भी रह चुके हैं। इसके अलावा जनरल ली फेंगबियाओ, जनरल गुओ पुक्षियाओ, वांग कांगपिंग, झांग मिंगहुआ और यिन होंगशिंग को भी उनके पदों से हटा दिया गया है। गौरतलब है कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग कई वर्षों से भ्रष्टाचार विरोधी अभियान चला रहे हैं। इस अभियान के तहत अब तक कई वरिष्ठ अधिकारी, सैन्य कमांडर और प्रभावशाली नेताओं के खिलाफ जांच और कार्रवाई हो चुकी है। ताजा फैसला उसी मुहिम का हिस्सा माना जा रहा है और इसे हाल के समय की सबसे अहम कार्रवाइयों में गिना जा रहा है।