Saturday, August 15, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

India

‘लालच ने मार दिया आंख का पानी’, योगी के बयान पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला

June 27, 2026 Source: Veridhar

‘लालच ने मार दिया आंख का पानी’, योगी के बयान पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला
**लखनऊ।** राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने हाल ही में इस मामले में रामशंकर यादव समेत आठ लोगों की गिरफ्तारी के बाद कहा था कि एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई तेज कर दी गई है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले में "दूध का दूध और पानी का पानी" करके रहेगी। सीएम योगी के इसी बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि "वो क्या करेंगे दूध का दूध और पानी का पानी, जिनकी आंख का पानी ही लालच ने मार दिया है।" उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में सोने-चांदी की घटतौली, जेवरातों की चोरी और गिनती में गड़बड़ी जैसे गंभीर मामले सामने आए हैं। उनके मुताबिक, सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल रही है। अखिलेश ने आगे दावा किया कि उन्होंने पहले ही आशंका जताई थी कि मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे सच सामने लाने के बजाय सवालों के घेरे में आ जाएंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों ने कुछ ही हफ्तों में कई बार चोरी की, उनके कार्य इतिहास में काले अध्याय के रूप में दर्ज होंगे। सपा प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि इतने कम समय में यदि इतनी बड़ी चोरी हो सकती है तो पिछले वर्षों में क्या-क्या हुआ होगा, इसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। एक ओर सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा कर रही है, वहीं विपक्ष पूरे मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहा है।