Friday, June 26, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

India

CBI की बड़ी छापेमारी, डिजिटल अरेस्ट रैकेट से जुड़े ठिकानों पर दबिश

June 25, 2026 Source: Veridhar

CBI की बड़ी छापेमारी, डिजिटल अरेस्ट रैकेट से जुड़े ठिकानों पर दबिश
देशभर में तेजी से बढ़ रहे डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी के मामलों पर शिकंजा कसते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने गुरुवार को बड़ा अभियान चलाया। ‘ऑपरेशन चक्र’ के छठे चरण के तहत एजेंसी की करीब 60 टीमों ने 16 राज्यों में एक साथ 80 स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई का मकसद डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से जुड़े संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करना और उन्हें खत्म करना है। CBI ने पंजाब, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, हरियाणा, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, असम, पश्चिम बंगाल, मणिपुर, कर्नाटक और ओडिशा समेत कई राज्यों में छापेमारी की। जांच एजेंसी के अनुसार, यह गिरोह देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय था और बड़ी संख्या में लोगों को ठगी का शिकार बना चुका था। कार्रवाई के दौरान कोलकाता से संजीव शाहा और चेन्नई से बी. नागेश को गिरफ्तार किया गया। दोनों पर शेल कंपनियां बनाकर म्यूल बैंक खातों के जरिए अवैध धन के लेन-देन में शामिल होने का आरोप है। शुरुआती जांच में करीब 2 करोड़ रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन का पता चला है। जांच में यह भी सामने आया कि साइबर अपराधी लोगों को डराने और झांसे में लेने के लिए सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट का इस्तेमाल कर रहे थे। इन वेबसाइटों पर नकली कोर्ट आदेश और कानूनी दस्तावेज अपलोड कर लोगों को विश्वास में लिया जाता था। CBI ने छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, बैंकिंग रिकॉर्ड, डिजिटल उपकरण और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। एजेंसी को अब तक डिजिटल अरेस्ट से जुड़े 200 से अधिक मामलों के सुराग मिले हैं। जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।