Friday, June 26, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

India

केतन अग्रवाल हत्याकांड: मंगेतर सिया और प्रेमी चेतन का खूनी प्लान ऐसे आया सामने

June 24, 2026 Source: Veridhar

केतन अग्रवाल हत्याकांड: मंगेतर सिया और प्रेमी चेतन का खूनी प्लान ऐसे आया सामने
पुणे के लोहगढ़ किले में 26 वर्षीय कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत को शुरुआत में एक हादसा माना जा रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ने के साथ यह मामला एक सुनियोजित हत्या में बदल गया। पुलिस जांच में सामने आया कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल दोनों आरोपी 29 जून तक पुलिस रिमांड पर हैं। शुरुआत में माना गया था कि ट्रैकिंग के दौरान केतन का पैर फिसलने से वह करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गया था। लेकिन अंतिम संस्कार के कुछ दिनों बाद जब सिया परिवार से मिलने पहुंची, तो उसके बयानों में कई विरोधाभास सामने आए। केतन की बहन को उस पर शक हुआ और परिवार ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। जांच के दौरान मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूतों ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, पिछले छह महीनों में सिया और चेतन के बीच 2004 बार बातचीत हुई थी और दोनों ने करीब 238 घंटे तक फोन पर बात की थी। घटना वाले दिन चेतन ने अपनी लोकेशन छिपाने के लिए अपना मोबाइल दुकान पर छोड़ दिया था और एक कर्मचारी का फोन लेकर लोहगढ़ किला पहुंचा था, लेकिन डिजिटल फुटप्रिंट्स ने उसकी योजना को नाकाम कर दिया। केतन के परिजनों का कहना है कि उन्हें शुरू से ही इस घटना पर संदेह था। उनका दावा है कि सिया ने अपने जन्मदिन के जश्न का बहाना बनाकर 18 जून को केतन को ट्रैकिंग के लिए लोहगढ़ किले ले गई थी। परिवार के मुताबिक, घटना के बाद भी सिया के व्यवहार में दुख या शोक के कोई संकेत नहीं दिखाई दिए, जिससे उनका शक और गहरा हो गया।