Friday, June 26, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

India

वाल्मीकि बस्ती में आग का कहर, 30 झोपड़ियां राख; 24 दमकल गाड़ियों ने किया रेस्क्यू...

June 23, 2026 Source: Veridhar

वाल्मीकि बस्ती में आग का कहर, 30 झोपड़ियां राख; 24 दमकल गाड़ियों ने किया रेस्क्यू...
राजधानी दिल्ली के तकिया काले खान इलाके स्थित वाल्मीकि बस्ती में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के पीछे स्थित इस झुग्गी बस्ती में आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 30 झुग्गियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। दिल्ली फायर सर्विस को रात करीब 11:22 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआती तौर पर 7 से 8 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य के लिए कुल 24 फायर टेंडर तैनात किए गए। कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। दिल्ली फायर सर्विस के डिविजनल ऑफिसर मुकेश वर्मा के मुताबिक, आग प्रभावित इलाके में रिहायशी झुग्गियों के अलावा स्टोरेज एरिया भी मौजूद थे, जहां बड़ी मात्रा में प्लाईवुड, लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। इसी कारण आग तेजी से फैल गई। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इधर, राजधानी में लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बाद दिल्ली फायर सर्विस ने अग्नि सुरक्षा नियमों को और सख्त कर दिया है। हाल ही में जारी एक नोटिस में 11 श्रेणियों की इमारतों के लिए फायर सेफ्टी मानकों का पालन और फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट लेना अनिवार्य किया गया है, ताकि भविष्य में ऐसे बड़े हादसों को रोका जा सके।