Friday, June 26, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

India

International Yoga Day 2026: योग दिवस पर पीएम मोदी का संदेश, 70 की उम्र में भी दिखें 50 जैसे...

June 21, 2026 Source: Veridhar

International Yoga Day 2026: योग दिवस पर पीएम मोदी का संदेश, 70 की उम्र में भी दिखें 50 जैसे...
21 जून को दुनिया भर में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में करीब 35 हजार लोगों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने ताड़ासन, अर्धचक्रासन, भद्रासन और त्रिकोणासन जैसे कई योगासन किए और लोगों को स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि योग सिर्फ एक व्यायाम नहीं, बल्कि ऐसा माध्यम है जो बढ़ती उम्र में भी व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान और सक्रिय बनाए रखता है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य ऐसा होना चाहिए कि 40 वर्ष की उम्र में भी शरीर में 20 वर्ष जैसी फुर्ती और लचीलापन बना रहे, जबकि 70 वर्ष की उम्र में भी व्यक्ति 50 साल जैसा स्वस्थ और ऊर्जावान महसूस करे। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण के संतुलित जीवन के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और पर्याप्त नींद के साथ योग जीवन के दुखों को दूर करने में सहायक बनता है। उन्होंने योग को पूरी मानवता को जोड़ने वाली शक्ति बताया और योग दिवस पर दुनिया भर में शामिल हुए लोगों को शुभकामनाएं दीं। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि योग बढ़ती उम्र में भी शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का प्रभावी साधन है। भारत सहित दुनिया के लगभग 2,500 स्थानों पर योग दिवस के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि देशभर में 100 प्रमुख स्थानों पर बड़े स्तर पर आयोजन हुए।