Saturday, June 27, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

World

डेलावेयर में 21 जून होगा योग दिवस के नाम, गवर्नर मैथ्यू मेयर ने की घोषणा...

June 21, 2026 Source: Veridhar

डेलावेयर में 21 जून होगा योग दिवस के नाम, गवर्नर मैथ्यू मेयर ने की घोषणा...
अमेरिका के डेलावेयर राज्य ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को आधिकारिक मान्यता देते हुए 21 जून 2026 को "इंटरनेशनल डे ऑफ योगा" के रूप में मनाने की घोषणा की है। डेलावेयर के गवर्नर मैथ्यू मेयर ने एक आधिकारिक घोषणा जारी कर राज्य के लोगों से स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए योग को अपनाने की अपील की है। हर साल 21 जून को दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। अमेरिका, चीन, जापान, नेपाल सहित कई देशों में भारतीय दूतावासों की ओर से विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अमेरिका में भी 30 से अधिक कार्यक्रमों में हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। गवर्नर मैथ्यू मेयर ने अपने संदेश में कहा कि योग भारत से निकली लगभग 5,000 वर्ष पुरानी प्राचीन परंपरा है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक मजबूती और लचीलापन बढ़ाता है, बल्कि मानसिक स्पष्टता और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में भी मदद करता है। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ जीवन और समग्र कल्याण पर केंद्रित है। योग के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। गौरतलब है कि दिसंबर 2014 में संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को आधिकारिक तौर पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र महासभा में रखा था, जिसे रिकॉर्ड 175 देशों का समर्थन मिला था। तब से हर साल दुनिया भर में योग दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है।