Saturday, June 27, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

World

Wang Yi India Visit: BRICS NSA बैठक में भाग लेने भारत आएंगे चीन के विदेश मंत्री वांग यी...

June 19, 2026 Source: Veridhar

Wang Yi India Visit: BRICS NSA बैठक में भाग लेने भारत आएंगे चीन के विदेश मंत्री वांग यी...
चीन के विदेश मंत्री वांग यी 22 और 23 जून को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली BRICS देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों (NSA) की बैठक में हिस्सा लेने भारत आ रहे हैं। उन्हें इस बैठक में शामिल होने के लिए भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने आमंत्रित किया है। वांग यी चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के पोलित ब्यूरो के सदस्य होने के साथ-साथ सेंट्रल फॉरेन अफेयर्स कमीशन के कार्यालय के निदेशक भी हैं। दरअसल, सितंबर 2026 में भारत की अध्यक्षता में BRICS शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसी सिलसिले में दिल्ली में होने वाली यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक के दौरान सदस्य देश क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों, भू-राजनीतिक चुनौतियों और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर लंबे समय से तनाव बना हुआ है। ऐसे में वांग यी का भारत दौरा इस बात का संकेत माना जा रहा है कि दोनों देश बातचीत के जरिए रिश्तों को आगे बढ़ाने की कोशिश जारी रखना चाहते हैं। भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि सीमा पर पूरी तरह शांति और स्थिरता बहाल होने के बाद ही दोनों देशों के संबंध सामान्य माने जा सकते हैं। माना जा रहा है कि भारत इस बैठक में डेपसांग और डेमचोक जैसे संवेदनशील इलाकों से चीनी सैनिकों की वापसी का मुद्दा भी उठा सकता है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने पुष्टि की है कि निमंत्रण मिलने के बाद वांग यी इस बैठक में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि चीन BRICS देशों के साथ राजनीतिक और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने तथा वैश्विक शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। गौरतलब है कि BRICS समूह में भारत, चीन, रूस, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, इंडोनेशिया, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात समेत कई देश शामिल हैं।