Friday, June 26, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

India

पूर्व CM पिनाराई विजयन की बेटी से ED की लंबी पूछताछ, कथित वित्तीय लेन-देन की जांच तेज...

June 18, 2026 Source: Veridhar

पूर्व CM पिनाराई विजयन की बेटी से ED की लंबी पूछताछ, कथित वित्तीय लेन-देन की जांच तेज...
केरल के चर्चित CMRL-एक्सालॉजिक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपनी जांच तेज कर दी है। इसी सिलसिले में पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की बेटी और आईटी कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस की संस्थापक वीणा टी. विजयन बुधवार को कोच्चि स्थित ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए पेश हुईं। वीणा सुबह करीब 10:30 बजे ईडी दफ्तर पहुंचीं और देर शाम लगभग 8 बजे वहां से बाहर निकलीं। इस दौरान उनसे कई घंटों तक पूछताछ की गई। इससे पहले ईडी ने उन्हें 12 जून को पेश होने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए समय मांगा था। ईडी ने उन्हें अपनी बंद हो चुकी कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस से जुड़े वित्तीय लेन-देन के दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए थे। जांच एजेंसी कथित मनी लॉन्ड्रिंग, संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और बिना किसी सेवा के करोड़ों रुपये के भुगतान के आरोपों की जांच कर रही है। ईडी के मुताबिक, कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) ने कथित तौर पर बिना कोई सेवा प्राप्त किए एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। इसके अलावा, सीएमआरएल के प्रबंध निदेशक ससिधरन कार्था से जुड़ी कंपनी एम्पावर इंडिया कैपिटल इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड (EICPL) ने एक्सालॉजिक को 50 लाख रुपये का ऋण भी दिया था, जिसे समय पर वापस नहीं किया गया। इस मामले में ईडी पहले ही ससिधरन कार्था के परिवार के कई सदस्यों से पूछताछ कर चुकी है। अप्रैल 2025 में एर्नाकुलम की एक अदालत में दायर अभियोजन शिकायत के आधार पर ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत मामला दर्ज किया था और फिलहाल जांच जारी है।