Saturday, June 27, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

India

राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था को बताया दबाव वाला सिस्टम, बोले- बच्चों को नहीं मिल रही आजादी...

June 18, 2026 Source: Veridhar

राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था को बताया दबाव वाला सिस्टम, बोले- बच्चों को नहीं मिल रही आजादी...
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को राजस्थान के कोटा पहुंचे, जहां उन्होंने कोचिंग कर रहे छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने देश की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए। राहुल गांधी ने कहा कि भारत का मौजूदा शिक्षा सिस्टम छात्रों पर अत्यधिक दबाव डालता है और उनके सपनों व इच्छाओं को पूरा करने के बजाय उन्हें दबाने का काम करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की सबसे बड़ी कमी यह है कि यह बच्चों की पसंद और उनकी प्रतिभा का सम्मान नहीं करती। राहुल गांधी के अनुसार, छात्रों को अपनी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए, लेकिन वर्तमान व्यवस्था उन्हें एक निश्चित ढांचे में ढालने का प्रयास करती है। कांग्रेस सांसद ने NEET पेपर लीक और विभिन्न परीक्षाओं में छात्रों से ली जा रही भारी फीस को भी गंभीर मुद्दा बताते हुए इसे अपराध करार दिया। उन्होंने केंद्र की एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियां छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। कोटा के दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि वह यहां किसी राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा करने नहीं, बल्कि छात्रों की समस्याओं को सुनने और उनके मुद्दों को उठाने आए हैं। उन्होंने अपने भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा के दौरान उन्हें लाखों युवाओं से मिलने का अवसर मिला और उन्होंने युवाओं की चिंताओं को करीब से समझा। कार्यक्रम में मौजूद छात्रों ने भी परीक्षा प्रणाली और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर नाराजगी जताई। छात्रों ने कहा कि उन्हें राहुल गांधी से काफी उम्मीदें हैं और वे चाहते हैं कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।