Saturday, June 27, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

World

इंडोनेशिया में 6.7 तीव्रता के भूकंप से मचा हड़कंप, पालू में दहशत, प्रशासन ने जारी किया आफ्टरशॉक्स अलर्ट...

June 16, 2026 Source: Veridhar

इंडोनेशिया में 6.7 तीव्रता के भूकंप से मचा हड़कंप, पालू में दहशत, प्रशासन ने जारी किया आफ्टरशॉक्स अलर्ट...
इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप में मंगलवार को आए 6.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने लोगों में दहशत फैला दी। तेज झटकों के कारण सेंट्रल सुलावेसी प्रांत की राजधानी पालू समेत कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुरुआती झटके एक मिनट से अधिक समय तक महसूस किए गए, जिससे लोग घरों और इमारतों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र पालू शहर से लगभग 46 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व में स्थित था और इसकी गहराई करीब 10 किलोमीटर दर्ज की गई। मुख्य भूकंप के कुछ समय बाद 5.2 तीव्रता का एक और झटका महसूस किया गया, जिसके बाद प्रशासन ने आफ्टरशॉक्स को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। भूकंप के कारण पालू शहर में कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों में भर्ती मरीजों को तुरंत बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। हालांकि, फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी (BNPB) ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान, संभावित हताहतों और विस्थापित लोगों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। राहत और बचाव एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। गौरतलब है कि पालू वही शहर है, जिसने वर्ष 2018 में आए विनाशकारी भूकंप और सुनामी की त्रासदी झेली थी। ऐसे में ताजा भूकंप ने स्थानीय लोगों की पुरानी दर्दनाक यादों को फिर से ताजा कर दिया है। इंडोनेशिया ‘पैसिफिक रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है, जहां सक्रिय भूगर्भीय गतिविधियों के कारण भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोट जैसी प्राकृतिक आपदाएं अक्सर आती रहती हैं।