Friday, June 26, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

Politics

ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट पर सीएम सुवेंदु अधिकारी की जीत को चुनौती दी, हाईकोर्ट में खुद दायर की याचिका...

June 16, 2026 Source: Veridhar

ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट पर सीएम सुवेंदु अधिकारी की जीत को चुनौती दी, हाईकोर्ट में खुद दायर की याचिका...
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा सीट पर मिली हार के खिलाफ कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। मंगलवार को ममता बनर्जी खुद कोलकाता हाईकोर्ट पहुंचीं और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की जीत को चुनौती देते हुए याचिका दायर की। इस दौरान उनके साथ टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन, डोला सेन और कल्याण बनर्जी भी मौजूद रहे। भवानीपुर विधानसभा सीट पर हुए चुनाव में ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच सीधा मुकाबला था। कड़े संघर्ष के बाद सुवेंदु अधिकारी ने जीत दर्ज की थी। मतगणना के शुरुआती दौर में ममता बनर्जी बढ़त बनाए हुए थीं, लेकिन बाद के राउंड में मुकाबला पलट गया और अंत में सुवेंदु अधिकारी ने 15,104 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। सुवेंदु अधिकारी को 73,917 वोट मिले, जबकि ममता बनर्जी के खाते में 58,812 वोट आए। सीपीएम उम्मीदवार श्रीजीब विश्वास तीसरे स्थान पर रहे। यह पहला मौका नहीं है जब ममता बनर्जी ने अपनी चुनावी हार को अदालत में चुनौती दी हो। इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी से मिली हार के खिलाफ भी उन्होंने कानूनी लड़ाई शुरू की थी, जिसका मामला अभी भी अदालत में लंबित है। इस बीच विधानसभा चुनाव में हार के बाद टीएमसी के भीतर भी राजनीतिक उथल-पुथल देखने को मिल रही है। पार्टी के कई विधायक और सांसद अलग गुट बनाकर नेतृत्व से दूरी बना चुके हैं। कुछ सांसदों ने दूसरी पार्टी में शामिल होने का भी ऐलान किया है। ऐसे में ममता बनर्जी और उनकी पार्टी के सामने राजनीतिक चुनौतियां लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं।