Saturday, June 27, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

India

सौरव गांगुली के घर ED छापे की खबर से मचा हड़कंप, अब दादा ने किया बड़ा पलटवार...

June 16, 2026 Source: Veridhar

सौरव गांगुली के घर ED छापे की खबर से मचा हड़कंप, अब दादा ने किया बड़ा पलटवार...
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई गई एक खबर ने उनके प्रशंसकों को हैरान कर दिया। कुछ फेसबुक पेजों और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर दावा किया गया था कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सौरव गांगुली के घर पर छापा मारा है। हालांकि, यह खबर पूरी तरह झूठी और भ्रामक निकली। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सौरव गांगुली ने 15 जून 2026 को कोलकाता के ठाकुरपुकुर थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने फेसबुक पेज ‘सौरव गांगुली फैंस’ और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘स्पोर्ट्सविकी’ का नाम लिया है। उनका आरोप है कि इन माध्यमों के जरिए उनके बारे में लगातार गलत और मानहानिकारक जानकारी फैलाई जा रही है, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंच रहा है। गांगुली ने पुलिस से मांग की है कि इन पोस्टों के पीछे मौजूद लोगों की पहचान की जाए, खबरों के स्रोत की जांच हो और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। दरअसल, विवाद तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर यह दावा तेजी से वायरल होने लगा कि ईडी ने गांगुली के घर पर छापा मारा है। देखते ही देखते यह खबर चर्चा का विषय बन गई। इसके बाद पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष ने सामने आकर इन दावों को पूरी तरह निराधार और फर्जी बताया। अपनी शिकायत में गांगुली ने कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है, लेकिन किसी के खिलाफ झूठी और मानहानिकारक खबरें फैलाना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दायरे में नहीं आता। फिलहाल, कोलकाता पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।