Entertainment
सीनियर एक्टर Dinyar Tirandaz का निधन, दर्शकों के बीच रहे लोकप्रिय...
June 12, 2026 Source: Veridhar
दिग्गज अभिनेता दिनयार तीरंदाज का गुरुवार, 11 जून 2026 को निधन हो गया, जिससे फिल्म और टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए सामने आई, जिसके बाद कई फिल्मी सितारों और चाहने वालों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
उनके निधन की पुष्टि सबसे पहले पारसी जोरोस्ट्रियन्स वर्ल्डवाइड – द हैदराबादी पेज के फेसबुक पोस्ट के माध्यम से की गई। इस पोस्ट में बताया गया कि अभिनेता दिनयार तीरंदाज, स्व. रुस्तम तीरंदाज के भाई थे। साथ ही उनके अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी भी साझा की गई। गुरुवार दोपहर 3:45 बजे मुंबई के वाडिया बंगली में उनका ‘पैदस्त’ यानी पारसी परंपरा के अनुसार अंतिम संस्कार की प्रार्थना संपन्न हुई।
दिनयार तीरंदाज का अभिनय करियर लंबा और यादगार रहा। उन्होंने 1984 में फिल्म ‘दुनिया’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कई लोकप्रिय फिल्मों और टीवी शोज में काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई। टीवी जगत में उन्हें खास पहचान सीरियल ‘नुक्कड़’ और ‘ब्योमकेश बख्शी’ से मिली, जहां उनके अभिनय को काफी सराहा गया।
उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता टीवी शो ‘जबान संभाल के’ में मिस्टर केकी दारूवाला के किरदार से मिली, जो दर्शकों के बीच बेहद पसंद किया गया और आज भी याद किया जाता है। फिल्मों की बात करें तो उन्होंने ‘चलते चलते’, ‘मैंने प्यार क्यों किया?’, ‘क्या कहना’, ‘दिल है के मानता नहीं’, ‘हैलो ब्रदर’, ‘अलबेला’ और ‘कमाल धमाल मालामाल’ जैसी कई चर्चित फिल्मों में काम किया।
उनके निधन से मनोरंजन जगत ने एक अनुभवी और प्रतिभाशाली कलाकार को खो दिया है, जिनकी अदाकारी लंबे समय तक याद रखी जाएगी।