Saturday, June 27, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

India

तुगलकाबाद में आग से तबाही, पांच मंजिला बिल्डिंग में 8 लोग झुलसे; 3 मृत...

June 12, 2026 Source: Veridhar

तुगलकाबाद में आग से तबाही, पांच मंजिला बिल्डिंग में 8 लोग झुलसे; 3 मृत...
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में शुक्रवार तड़के एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दमकल विभाग की कई टीमों को मौके पर भेजा गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के अनुसार आग लगने की सूचना रात करीब 2:25 बजे मिली। आग इमारत के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग में खड़े वाहनों से शुरू हुई, जिसके बाद घना धुआं तेजी से पूरी बिल्डिंग में फैल गया। आग की चपेट में आने से इमारत के निचले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा। दमकल विभाग ने सात से अधिक गाड़ियों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। टीमों ने अंदर और बाहर दोनों ओर से अभियान चलाते हुए छत पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला। कुल आठ लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें पांच महिलाओं को सफदरजंग अस्पताल और तीन अन्य घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उपचार के दौरान दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। दमकल विभाग ने सुबह करीब चार बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। यह घटना राजधानी में हाल के महीनों में सामने आए बड़े अग्निकांडों की कड़ी में एक और गंभीर हादसा है। इससे पहले मालवीय नगर स्थित एक होटल में आग लगने से 23 लोगों की जान चली गई थी, जबकि विवेक विहार में हुए अग्निकांड में नौ लोगों की मौत हुई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा उपायों और नियमित फायर सेफ्टी ऑडिट की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।