Sunday, August 16, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

India

INDIA गठबंधन की दिल्ली बैठक: 25 दल एक साथ, TVK ने दूरी बनाई; BJP बोली- केवल दिखावा...

June 8, 2026 Source: Veridhar

INDIA गठबंधन की दिल्ली बैठक: 25 दल एक साथ, TVK ने दूरी बनाई; BJP बोली- केवल दिखावा...
दिल्ली में आज I.N.D.I.A ब्लॉक की 7वीं अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें विपक्षी गठबंधन की भविष्य की रणनीति और हालिया राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस बैठक में करीब 23 दलों ने हिस्सा लिया, जबकि 25 दलों के शामिल होने की संभावना बताई गई थी। हालांकि, इस बार भी कुछ प्रमुख दलों ने दूरी बनाए रखी, जिनमें DMK और आम आदमी पार्टी शामिल हैं। वहीं, तमिलनाडु में विजय की सरकार को लेकर चर्चा के बावजूद TVK ने भी इस बैठक से दूरी बना ली। बैठक में कांग्रेस की ओर से सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हुए। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी, राजद नेता तेजस्वी यादव, एनसीपी-एससीपी की सुप्रिया सुले और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ऑनलाइन माध्यम से बैठक से जुड़े। बैठक शुरू होने से पहले सोनिया गांधी और ममता बनर्जी के बीच गर्मजोशी से मुलाकात भी देखने को मिली। TVK के बैठक में शामिल न होने पर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई। सूत्रों के अनुसार, केवल उन्हीं दलों को आमंत्रित किया गया था जिनके सांसद वर्तमान में संसद में मौजूद हैं। वहीं, कुछ पुराने सहयोगी दल, जो 2024 से पहले गठबंधन का हिस्सा थे, वे भी बैठक में शामिल हुए। बताया जा रहा है कि गठबंधन का विस्तार जारी है और आने वाले समय में और दल इसमें जुड़ सकते हैं। बैठक से पहले दिल्ली के अकबर रोड पर कांग्रेस के खिलाफ पोस्टर भी लगाए गए, जिनमें राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं पर टिप्पणी की गई थी। बाद में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इन पोस्टरों को हटाया। वहीं भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने I.N.D.I.A ब्लॉक पर हमला करते हुए कहा कि इस गठबंधन के पास न कोई स्पष्ट मिशन है और न ही कोई विजन। उन्होंने आरोप लगाया कि यह गठबंधन केवल राजनीतिक अवसरवाद और दिखावटी एकता का उदाहरण है। बैठक के बाद दोपहर 2:30 बजे संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की भी घोषणा की गई है, जिसमें आगे की रणनीति पर स्थिति स्पष्ट किए जाने की उम्मीद है।