Sunday, August 16, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

India

रसोई गैस के दाम बढ़े तो सरकार ने दी सफाई, हर सिलेंडर पर 703 रुपये का नुकसान...

June 7, 2026 Source: Veridhar

रसोई गैस के दाम बढ़े तो सरकार ने दी सफाई, हर सिलेंडर पर 703 रुपये का नुकसान...
घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 7 जून से 29 रुपये की बढ़ोतरी के बाद सरकार ने इस फैसले का बचाव करते हुए कहा है कि मौजूदा कीमतों पर भी सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों को प्रत्येक सिलेंडर की बिक्री पर लगभग 703 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। सरकार के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बावजूद भारत में रसोई गैस कई देशों की तुलना में अभी भी काफी सस्ती उपलब्ध है। इससे पहले 7 मार्च को भी घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी। इस तरह पिछले तीन महीनों में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत कुल 89 रुपये बढ़ चुकी है। दिल्ली में अब घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। सरकार का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में आपूर्ति संबंधी चुनौतियों के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एलपीजी की कीमतों में करीब 46 प्रतिशत का उछाल आया है। इसके बावजूद घरेलू उपभोक्ताओं से केवल 942 रुपये लिए जा रहे हैं, जबकि वास्तविक लागत का बड़ा हिस्सा सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियां और सरकार वहन कर रही हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों को 300 रुपये की सब्सिडी मिलने के बाद प्रभावी रूप से सिलेंडर 642 रुपये में उपलब्ध होगा। सरकार के अनुसार यह कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार के मुकाबले लगभग 60 प्रतिशत कम है। हालांकि, पिछले वर्ष इस सब्सिडी को साल में नौ बार देने की घोषणा की गई थी, जबकि अब लाभार्थियों को यह सहायता साल में चार बार मिलेगी।