Sunday, August 16, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

India

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके की सेहत बिगड़ी, समर्थकों के बीच मची हलचल...

June 6, 2026 Source: Veridhar

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके की सेहत बिगड़ी, समर्थकों के बीच मची हलचल...
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का विरोध प्रदर्शन करीब पांच घंटे तक चला। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि देश के युवा अपने अधिकारों और मुद्दों को लेकर आवाज उठाना बंद नहीं करेंगे। हालांकि, भीषण गर्मी और भारी भीड़ के बीच अभिजीत दीपके की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पहले उन्हें मंच के पीछे बैठाकर आराम कराया गया और बाद में गाड़ी के माध्यम से वहां से बाहर ले जाया गया। जानकारी के अनुसार, उनकी स्थिति अब सामान्य है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। अपने संबोधन में अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान देने के बजाय संगठन की सोशल मीडिया गतिविधियों पर ज्यादा फोकस कर रही है। उन्होंने परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पांच दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो अगले शनिवार फिर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा। बताया गया कि अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे थे और एयरपोर्ट से सीधे प्रदर्शन स्थल पहुंचे। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें एयरपोर्ट से बाहर निकलने में काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इस प्रदर्शन में जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए। उनकी मौजूदगी से प्रदर्शन स्थल पर उत्साह बढ़ गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पूरे इलाके में पुलिस की कड़ी निगरानी रही।