Sunday, August 16, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

India

NIA ने भांगड़ ब्लास्ट के मुख्य साजिशकर्ता शौकत मोल्ला को दबोचा, बांग्लादेश भागने वाले थे ...

June 6, 2026 Source: Veridhar

NIA ने भांगड़ ब्लास्ट के मुख्य साजिशकर्ता शौकत मोल्ला को दबोचा, बांग्लादेश भागने वाले थे ...
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता शौकत मोल्ला को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने भांगड़ ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार कर लिया है। एजेंसी ने उन्हें इस मामले का मुख्य आरोपी और साजिशकर्ताओं में शामिल बताया है। 19 मार्च को दक्षिण 24 परगना जिले के दक्षिण बामुनिया गांव में हुए बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जांच के दौरान इलाके में बम बनाने की गतिविधियों की जानकारी भी सामने आई थी। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को NIA की छापेमारी की भनक लगते ही शौकत मोल्ला अपने घर से मोटरसाइकिल पर फरार हो गए थे। एजेंसी को आशंका थी कि वह बांग्लादेश भागने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, इसमें सफल नहीं होने के बाद उन्होंने कोलकाता पहुंचकर अदालत में आत्मसमर्पण करने की योजना बनाई थी। NIA को इसकी जानकारी मिल गई और टीम ने उन्हें कोलकाता के पास से गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले पूरे दिन भांगड़ और कैनिंग इलाके में आठ स्थानों पर छापेमारी की गई थी, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला था। शौकत मोल्ला की गिरफ्तारी को दक्षिण 24 परगना में TMC के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। वहीं, उनकी बेटी ने दावा किया है कि उनके पिता को गिरफ्तार नहीं किया गया, बल्कि उन्होंने खुद NIA के सामने सरेंडर किया है। उन्होंने कहा कि शौकत मोल्ला किसी जरूरी काम से बाहर गए थे और एजेंसी के संपर्क करने पर वापस आकर जांच में सहयोग किया। इस मामले में शम्सुल सरदार नामक एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है, जिस पर शौकत मोल्ला को फरार होने में मदद करने का आरोप है।