Friday, June 26, 2026
English edition
Veridhar Veridhar

Rooted in Truth

Development

पानी की समस्या खत्म, अब शिक्षा और जीवन स्तर पर ध्यान दे रहे ग्रामीण

June 1, 2026 Source: Veridhar

पानी की समस्या खत्म, अब शिक्षा और जीवन स्तर पर ध्यान दे रहे ग्रामीण
*ग्राम पंचायत बरवासन की बदली तस्वीर: हर घर तक पहुँचा शुद्ध पेयजल* रायपुर , 01 जून 2026/गौरेला पेण्डरा मरवाही के विकासखण्ड मरवाही का बरवासन ग्राम पंचायत, जो जिला मुख्यालय से लगभग 16 किलोमीटर दूर स्थित है, आज भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के सफल क्रियान्वयन से विकास और खुशहाली की नई मिसाल बन चुका है। 1367 आबादी वाले इस गाँव में अब हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुँच रहा है, जिससे ग्रामीणों के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है। ग्राम बरवासन में लगभग 1 करोड़ 38 लाख 75 हजार रुपये की लागत से पेयजल व्यवस्था विकसित की गई है। योजना के अंतर्गत 40 हजार लीटर क्षमता का 12 मीटर ऊँचाई वाला ओवरहेड टैंक तथा 10 हजार लीटर क्षमता की 5 जी.आई. स्ट्रक्चर टंकी स्थापित की गई हैं। इस तरह से कुल 90 हजार लीटर जल भंडारण क्षमता विकसित कर गाँव के 350 घरों तक पिछले 6 माह से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना पूर्ण होने से पहले गाँव के लोगों को पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता था। विशेषकर महिलाओं को हैंडपंपों और दूसरे घरों से पानी लाने में काफी समय और मेहनत लगती थी। गर्मी के दिनों में पानी की समस्या और भी गंभीर हो जाती थी। लेकिन अब जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर नल कनेक्शन मिलने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। गाँव की निवासी श्रीमती उर्मिला अपनी खुशी व्यक्त करते हुए बताती हैं “पहले पानी भरने के लिए दूर स्थित हैंडपंप तक जाना पड़ता था, जिससे बहुत समय और मेहनत लगती थी। अब घर पर ही नल से शुद्ध पानी मिल रहा है। इससे हमारा समय बचता है और जीवन भी आसान हो गया है। बरवासन के ग्रामीणजन इस योजना से बहुत खुश हैं।” जल जीवन मिशन ने केवल पानी की समस्या का समाधान नहीं किया, बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर में भी सुधार लाया है। अब महिलाएँ और बच्चे पानी लाने की चिंता से मुक्त होकर अपने अन्य कार्यों और शिक्षा पर अधिक ध्यान दे पा रहे हैं। गाँव में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। ग्राम बरवासन की यह उपलब्धि दर्शाती है कि सरकार की योजनाओं का सही क्रियान्वयन ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई राह खोल सकता है। जल जीवन मिशन आज गाँव के लोगों के लिए सुविधा, स्वास्थ्य और खुशहाली का प्रतीक बन चुका है।