Politics
महिला आरक्षण के समर्थन में आगे आएं विधायक: मुख्यमंत्री साय
April 14, 2026
रायपुर, अप्रैल 2026/
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में प्रदेश के सभी विधायकों से सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने इस संबंध में विधायकों को संदेश भेजते हुए 16 से 18 अप्रैल के बीच संसद में प्रस्तावित चर्चा को एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण अवसर बताया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मातृशक्ति के सशक्तिकरण की दिशा में लगातार सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ महिलाओं को नीति-निर्माण में सशक्त भागीदारी प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे लोकतंत्र और अधिक समावेशी बनेगा।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। राज्य विधानसभा में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी और स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण इस दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
मुख्यमंत्री ने विधायकों से अपेक्षा की कि वे महिला आरक्षण के समर्थन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और समाज में सकारात्मक जनमत तैयार करने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि यह पहल मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में दूरगामी प्रभाव डालेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास जताया कि सभी जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों से यह ऐतिहासिक पहल सफल होगी और लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी को नई ऊंचाइयां मिलेंगी।